National

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, पीएम मोदी ने जताया दु:ख

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे जसवंत सिंह का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर दुख जताया है। रविवार सुबह 6:55 पर उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया जिसके बाद उनका निधन हो गया। उन्हें 25 जून को भर्ती कराया गया था और मल्टीअर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम के साथ सेप्सिस का इलाज किया जा रहा था। उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव थी।

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन हो गया है। वे 82 साल के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है। लंबे समय से बीमार चल रहे जसवंत सिंह को सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस साल जून में उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह 6:55 पर उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया जिसके बाद उनका निधन हो गया।

उन्हें 25 जून को भर्ती कराया गया था और मल्टीअर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम के साथ सेप्सिस का इलाज किया जा रहा था। उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव थी। अस्पताल ने एक बयान में कहा, उनके विभिन्न अंगों ने ठीक से काम करना बंद कर दिया था, जिनका इलाज चल रहा था। आज सुबह उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा।’ अस्पताल ने कहा कि काफी कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

जसवंत सिंह के निधन पर दु:ख जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, ‘जसवंत सिंह जी ने पूरी लगन के साथ हमारे देश की सेवा की है। पहले एक सैनिक के रूप में और बाद में राजनीति के साथ अपने लंबे जुड़ाव के दौरान अटल जी की सरकार के साथ उन्होंने महत्वपूर्ण विभागों को संभाला और वित्त, रक्षा और विदेश मामलों के विभाग में एक मजबूत छाप छोड़ी। उनके निधन से दु:खी हूं।’ उन्होंने कहा, ‘जसवंत सिंह जी को राजनीति और समाज के मामलों पर उनके अनूठे दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने भाजपा को मजबूत बनाने में भी योगदान दिया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कोविंद ने रविवार को ट्वीट करके कहा, ‘ वयोवृद्ध सैनिक, उत्कृष्ट सांसद, असाधारण नेता एवं बुद्धिजीवी श्री जसवंत सिंह का निधन दुखद है। उन्होंने कई कठिन भूमिकाओं का निर्वहन सहजता और समानता के साथ किया।’ उन्होंने कहा, ‘ उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘अनुभवी भाजपा नेता और पूर्व मंत्री श्री जसवंत सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने रक्षा मंत्रालय के प्रभारी सहित कई क्षमताओं में देश की सेवा की। उन्होंने खुद को एक प्रभावी मंत्री और सांसद के रूप में प्रतिष्ठित किया। जसवंत सिंह जी को उनकी बौद्धिक क्षमताओं और देश की सेवा में तारकीय रिकॉर्ड के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने राजस्थान में भाजपा को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दु:ख की घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ॐ शांति।’

सोर्स डी डी न्यूज

%d bloggers like this: