World News

अमरीका ने रूस के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की, पुतिन की यूक्रेन में कार्रवाई को हमला करार दिया

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने देश को संबोधित करते हुए रूस पर अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया और कहा कि रूस पर महत्वपूर्ण प्रतिबंधों की घोषणा कर दी है।

रूस-यूक्रेन संकट के बीच दोनों देशों की सीमा पर हालात बिगड़ने के आसार हैं। रूस की संसद ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत वे अपनी सेना को दूसरे देश में कार्रवाई करने के लिए भेज सकते हैं। इसे लेकर पुतिन ने कहा कि अभी उनके पास सारे विकल्प खुले हैं। दूसरी तरफ यूक्रेन में रूस की तरफ से उठाए जा रहे इन कदमों का पश्चिमी देशों ने माकूल जवाब देने का फैसला किया है। रूस के इस कदम से नाराज विश्व के कई देश उसके खिलाफ़ प्रतिबंध लगा रहे है। जहां पहले जर्मनी और ब्रिटेन ने रूस के खिलाफ प्रतिबंध लगाए तो वहीं अब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने देश को संबोधित करते हुए रूस पर अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया और कहा कि रूस पर महत्वपूर्ण प्रतिबंधों की घोषणा कर दी है। जो बाइडेन ने कहा कि हम स्थिति का आकलन करते हुए रक्षात्मक कदम उठा रहे है। दो रूसी वित्तीय संस्थानों पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान करते हुए बाइडेन ने कहा है कि रूस, पश्चिमी देशों के साथ और व्यापार नहीं कर पाएगा और रूस को पश्चिमी देशों से मिलने वाली सहायता पर भी रोक लगाई जाएगी। रूस की ओर से किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय कानून के उल्लंघन जिक्र करते हुए बाइडेन ने कहा कि यूक्रेन की सीमा पर रूसी सेना का जमावड़ा है। राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि उन्होंने पूर्वी यूरोप में सहयोगियों के लिए अमेरिकी सेना की अतिरिक्त आवाजाही को अधिकृत कर दिया है। बाइडेन ने कहा कि बल और उपकरण – जो पहले से ही यूरोप में हैं – को एस्टोनिया, लातविया और लिथुआनिया के बाल्टिक देशों में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि रूस से लड़ने का हमारा कोई इरादा नहीं है।

सोर्स डी डी न्यूज